हिंदी ब्रेकिंग न्यूज।
Breaking News Highlights: हमारे दैनिक जीवन में खबरों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कुछ लोगों की सुबह यह जाने बगैर अधूरी ही रहती है कि दुनिया में क्या हो रहा है? जो लोग डिजिटल तकनीक को समझते हैं, वे अपने खाली समय में या यात्रा करते हुए भी देश-दुनिया की खबरों की जानकारी लेते रहते हैं। आज के दौर में, जबकि लोग खबरें पाने के लिए न्यूज वेबसाइट्स पर निर्भर हैं, इंडिया टीवी न्यूज आपको हर तरह की ब्रेकिंग न्यूज, ब्रेकिंग स्टोरी वीडियो, लाइव टीवी और अन्य बेहतरीन शो एक मंच पर उपलब्ध कराता है ताकि आप किसी भी जरूरी जानकारी से छूट ना जाएं। आप यहां सिर्फ एक पेज पर सभी तरह की ताजा खबरें और ब्रेकिंग न्यूज की लाइव कवरेज देख और पढ़ सकते हैं। पढ़ें दिन भर के बड़े अपडेट्स…
Live updates :Breaking News in Hindi LIVE 02 December
Refresh
-
Dec 02, 2022
7:27 AM (IST)
आज गुजरात में पीएम मोदी का 4 रैलियां
गुजरात में दूसरे चरण की वोटिंग के लिए प्रचार का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। इसी के साथ माहौल और गर्माता जा रहा है। इस सियासी माहौल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात में 4 रैलियों को संबोधित करने वाले हैं। पीएम मोदी की पहली रैली बनासकांठा में होगी तो दूसरी रैली पाटण में होगी। पाटण से पीएम मोदी आणंद जाएंगे और आज की चौथी और आखिरी रैली अहमदाबाद में शाम 6 बजे होगी।
-
Dec 02, 2022
7:23 AM (IST)
हैदराबाद की नागोल स्नेहपुरी कॉलोनी में डकैती
हैदराबाद की नागोल स्नेहपुरी कॉलोनी में डकैती हुई है। दो बदमाशों ने फायरिंग कर दुकान में लूटपाट की है। बदमाशों ने जूलरी की एक दुकान के मालिक को धमकाया और सोना लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि फायरिंग में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई है और सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुए वीडियो के आधार पर जांच कर रही है। (रिपोर्ट: सुरेखा)
-
Dec 02, 2022
7:01 AM (IST)
गुजरात में वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आया मवेशी
गुजरात में उदवाड़ा और वापी रेलवे स्टेशन के बीच एक मवेशी बृहस्पतिवार शाम गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना में ट्रेन के अगले हिस्से में मामूली खरोंच आई है। दो महीने पहले परिचालन शुरू होने के बाद से इस मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन से जुड़ी यह इस तरह की चौथी घटना है। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने कहा कि घटना उदवाड़ा और वापी के बीच समपार फाटक संख्या 87 के पास शाम करीब छह बजकर 23 मिनट पर हुई। उन्होंने कहा, ‘ट्रेन के अगले हिस्से में मामूली खरोंच आई है और कोई परिचालन समस्या नहीं हुई। खरोंच को आज रात ठीक कर दिया जाएगा।’
-
Dec 02, 2022
6:32 AM (IST)
दिल्ली के चिड़ियाघर में आवारा कुत्तों ने 3 हिरणों को मार डाला
दिल्ली के चिड़ियाघर में पिछले महीने आवारा कुत्तों के हमले में 3 हिरण मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना 12 नवंबर की है। अधिकारियों ने कहा कि कुत्ते 8 फीट ऊंची दीवार को फांदकर हिरणों के बाड़े में घुस गए। उन्होंने बताया कि दो विलुप्तप्राय ‘हॉग हिरण’ और एक ‘सिका’ या जापानी हिरण अगली सुबह मृत पाए गए। उन्होंने कहा कि घटना की आंतरिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं। चारदीवारी के एक हिस्से पर कंटीले तार की बाड़ को नुकसान पहुंचा है और उसे ठीक किया जा रहा है।